कॉलेज प्रोफेसर पर गंभीर आरोप: व्हाट्सएप-टेलीग्राम पर अश्लील संदेश भेजकर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव, युवती ने थाने में की शिकायत
कॉलेज प्रोफेसर पर गंभीर आरोप: व्हाट्सएप-टेलीग्राम पर अश्लील संदेश भेजकर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव, युवती ने थाने में की शिकायत


लैलूंगा। रायगढ़ जिले के लैलूंगा स्थित संत गहिरा गुरु महाविद्यालय के एक प्रोफेसर पर एक युवती ने गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि कॉलेज के प्रोफेसर रेमन भार्गव लंबे समय से उसे व्हाट्सएप और टेलीग्राम के माध्यम से अश्लील संदेश भेज रहे थे तथा शारीरिक संबंध बनाने के लिए लगातार दबाव बना रहे थे। कथित रूप से लगातार हो रही इस प्रताड़ना से परेशान होकर युवती ने मामले की लिखित शिकायत थाने में दर्ज कराई है।
मीडिया से बातचीत के दौरान पीड़िता ने कहा कि, “कॉलेज के प्रोफेसर रेमन भार्गव लंबे समय से मुझे व्हाट्सएप और टेलीग्राम पर अश्लील मैसेज भेजकर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बना रहे थे। मैं लगातार मानसिक रूप से परेशान हो रही थी। आखिरकार मजबूर होकर मैंने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। मुझे न्याय चाहिए और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।”
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी प्रोफेसर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से लगातार संपर्क कर आपत्तिजनक संदेश भेजता था। उसने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम से वह मानसिक तनाव और भय के माहौल में जी रही थी। शिकायत के बाद अब उसने प्रशासन और पुलिस से निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। सोशल मीडिया पर भी इस घटना को लेकर विभिन्न प्रकार की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। लोगों का कहना है कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो आरोपी के विरुद्ध कड़ी कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि शैक्षणिक संस्थानों में छात्राओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित हो सके।
फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान शिकायत, उपलब्ध साक्ष्यों, इलेक्ट्रॉनिक संदेशों और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, संबंधित कॉलेज प्रबंधन से भी इस मामले में जानकारी ली जा सकती है।

