हाथी हमले में दो महिलाओं की मौत के विरोध में लैलूंगा में चक्का जाम, सरपंच संघ अध्यक्ष की अगुवाई में उग्र प्रदर्शन

हाथी हमले में दो महिलाओं की मौत के विरोध में लैलूंगा में चक्का जाम, सरपंच संघ अध्यक्ष की अगुवाई में उग्र प्रदर्शन


लैलूंगा (रायगढ़)। क्षेत्र में लगातार हो रहे हाथियों के हमलों और विद्युत विभाग की लापरवाही के विरोध में शनिवार को लैलूंगा के पत्थलगांव मेन रोड पर चक्का जाम किया गया। सरपंच संघ अध्यक्ष शिव प्रकाश भगत के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने विद्युत कार्यालय के सामने प्रदर्शन कर आवागमन पूरी तरह ठप कर दिया।
बताया गया कि विद्युत विभाग द्वारा हाथी विचरण के दौरान सुरक्षा के नाम पर बिजली सप्लाई बंद कर दी जाती है। इसी कारण शुक्रवार को अंधेरे में गमेकेला गांव में दो महिलाओं की हाथियों द्वारा रौंदकर दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।
गमेकेला, बिरसिंघा, जतरा, झारामा और धोरोबीजा सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बिजली विभाग की लापरवाही के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि हाथियों की निगरानी के लिए पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा उपाय किए जाएं, ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी और नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रशासन के आश्वासन के बाद चक्का जाम समाप्त किया गया।
